LATEST NEWS

सवांसा विद्यालय में शिक्षिका के डेपुटेशन पर ग्रामीणों का हंगामा, गेट पर लगाया ताला, अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन

गेट पर लगाया ताला
News Image

Post Views : 126

Other | 21 Aug 2025

लालसोट उपखंड के सवांसा गांव स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को ग्रामीणों ने शिक्षिका का डेपुटेशन रद्द करने की मांग को लेकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने विद्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका सीमा मीणा का हाल ही में एक अन्य विद्यालय में डेपुटेशन कर दिया गया था, जिससे विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था विशेषकर विज्ञान विषय का अध्यापन प्रभावित हो रहा था। इस संबंध में कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

सूचना मिलने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित बड़ाया मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। उन्होंने बताया कि शिक्षिका के डेपुटेशन का आदेश रद्द हो चुका है और वह शीघ्र ही विद्यालय में ज्वाइन कर लेंगी। लेकिन ग्रामीण विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने और शिक्षिका के ज्वाइन करने के बाद ही ताला खोलने की मांग पर अड़े रहे।

बाद में ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण मीणा एवं अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया कि डेपुटेशन आदेश रद्द कर दिया गया है। इसी बीच शिक्षिका सीमा मीणा भी विद्यालय पहुंच गईं। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया और विद्यालय का ताला खोल दिया।

घटना की सूचना पर ज्यादा झांपदा थाना अधिकारी सुनील टांक भी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।

Related News