LATEST NEWS

चलते-चलते इलेक्ट्रिक स्कूटी में विस्फोट, टीचर ने कूदकर बचाई जान

समय रहते कूदे टीचर
News Image

Post Views : 107

Other | 25 Aug 2025

रामगढ़ पचवारा, 25 अगस्त 2025।
रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के रानोली गांव के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया। गनीमत रही कि समय रहते स्कूटी सवार टीचर ने कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि कुछ ही पलों में स्कूटी आग का गोला बन गई और पूरी तरह से जलकर राख हो गई।

समय रहते कूदे टीचर

जानकारी के अनुसार, डिडवाना निवासी बाबूलाल शर्मा, जो सोनड ग्राम पंचायत के सिंदोली स्थित राजकीय महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षक हैं, रोजाना अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से स्कूल जाते हैं। सोमवार सुबह भी वे स्कूटी से स्कूल के लिए निकले थे। रास्ते में रानोली गांव के पास अचानक स्कूटी से तेज आवाज के साथ हल्का विस्फोट हुआ और धुंआ निकलने लगा।

स्थिति को भांपकर शर्मा ने तुरंत स्कूटी साइड में रोकी और कूदकर कुछ दूरी पर चले गए। तभी स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी स्कूटी आग की लपटों में घिर गई।

पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी। रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी स्थिति का जायजा लिया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
ग्रामीणों में दहशत
अचानक हुए इस हादसे से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। लोग मौके पर जमा हो गए और स्कूटी को जलते हुए देखते रहे।

Related News