LATEST NEWS

गणेश चतुर्थी पर रालावास गणेशधाम में दो दिवसीय विशाल मेले का आगाज़

दो दिवसीय विशाल मेले का आगाज़
News Image

Post Views : 51

Other | 27 Aug 2025

रामगढ़ पचवारा । क्षेत्र के रालावास गांव स्थित प्रसिद्ध गणेशधाम पर बुधवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर दो दिवसीय विशाल मेले का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और हजारों की संख्या में ग्रामीणों व भक्तों ने गणपति महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

मेले के उद्घाटन अवसर पर डिडवाना, सलेमपुरा, रामगढ़ पचवारा सहित आसपास के गांवों से भक्तजन पदयात्राओं के रूप में गणपति भगवान के जयकारों के साथ धाम पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर में भव्य फूल बंगला झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। वहीं, स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

उद्घाटन समारोह में विधायक रामबिलास मीणा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों से जहां आस्था व श्रद्धा जागृत होती है, वहीं समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा भी मजबूत होता है। उन्होंने मंदिर परिसर में सिंगल प्वाइंट और टाइल्स लगाने की घोषणा की। वहीं, सभापति प्रतिनिधि सोनू बिनोरी ने परिसर में एलईडी लाइट लगाने की घोषणा की।

समारोह की अध्यक्षता सरपंच मुकलीदेवी ने की। इस अवसर पर मेला कमेटी अध्यक्ष धर्मराज मीणा, कन्हैयालाल मीणा, भागीरथ पटेल, नंदलाल पटेल, गिर्राज मीणा, बनवारी महावर, अर्जुन, मुकेश, कानाराम, लक्ष्मण, सुखराम व अशोक सहित सभी पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

मेले में जिप सदस्य श्रीनारायण मीणा, डूंगरपुर सरपंच दीनदयाल मीणा, अशोक हट्टिका एडवोकेट, मंडल अध्यक्ष श्रीफूल मीणा, अनिल बुर्जा, रामसिंह मीना, बलराम बैरवा और रुपसिंह सहित अनेक गणमान्य लोग पहुंचे। सभी अतिथियों का मेला कमेटी की ओर से अभिनंदन किया गया।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतज़ाम किए गए। थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता पूरे मेले के दौरान तैनात रहा।

गणेश चतुर्थी के इस पावन मौके पर रालावास गणेशधाम का वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण नजर आया। गुरुवार को मेले के दूसरे दिन भी धार्मिक अनुष्ठान व विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Related News