LATEST NEWS

नालावास नदी में हादसा, युवक डूबा – रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, विधायक मौके पर मौजूद

सूचना पर प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची
News Image
News Image

Post Views : 46

Other | 04 Sep 2025

लालसोट/रामगढ़ पचवारा। 04 सितम्बर 2025
क्षेत्र की नालावास नदी में दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार गांव का एक युवक दिनेश मीणा उम्र 24 साल पिता श्री राम मीणा निवासी नालावास नदी में नहाने के लिए गया था, इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और सैकड़ों लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

सूचना पर प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। टीम मोटरबोट की मदद से नदी में युवक की तलाश कर रही है। पानी का तेज बहाव व गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है, लेकिन जवान लगातार प्रयासरत हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए लालसोट विधायक रामबिलास मीणा,एसडीएम विजेंद्र मीणा लालसोट व पुलिस थाना झाँपदा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने रेस्क्यू दल को हरसंभव सहयोग करने के निर्देश दिए और पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया।

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के चलते नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है, इसके बावजूद कई युवक बिना सुरक्षा साधनों के नहाने पहुंच जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि नदी के किनारे सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं टाली जा सकें।

फिलहाल युवक की तलाश जारी है और प्रशासन ने लोगों से नदी के आसपास भीड़ न लगाने तथा सतर्क रहने की अपील की है।

Related News