LATEST NEWS

नालावास बांध में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, एनडीआरएफ ने निकाला शव

24 घंटे में निकाला शव
News Image
News Image

Post Views : 47

Other | 05 Sep 2025

लालसोट। उपखंड क्षेत्र के नालावास ग्राम में गुरुवार दोपहर हुए हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मिट्टी से बने कच्चे टूटे बांध में नहाने गए 24 वर्षीय युवक दिनेश मीणा की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों और परिजनों की बेचैनी शुक्रवार दोपहर जाकर खत्म हुई, जब एनडीआरएफ टीम ने मात्र आधे घंटे के सर्च अभियान में युवक का शव बाहर निकाल लिया।

हादसा गुरुवार दोपहर का
गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे दिनेश मीणा नालावास बांध पर नहाने गया था। गहराई और तेज बहाव के कारण वह पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुँची और एसडीआरएफ की मदद से तलाशी अभियान शुरू कराया, लेकिन अंधेरा होने के चलते गुरुवार देर रात खोजबीन रोकनी पड़ी।

एनडीआरएफ टीम ने निकाला शव
शुक्रवार सुबह तलाशी अभियान फिर शुरू हुआ, लेकिन दोपहर तक सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद भरतपुर से विशेष एनडीआरएफ टीम बुलाई गई। टीम दोपहर 2:15 बजे घटनास्थल पर पहुँची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाल लिया। शव को मोर्चरी भेजकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई।

उच्च अधिकारी व जनप्रतिनिधि पहुँचे
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर देवेंद्र कुमार और एसपी सागर राणा मौके पर पहुँचे और सर्च अभियान की निगरानी की। उन्होंने अधिकारियों को हर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं विधायक रामविलास मीणा ने भी घटनास्थल पर पहुँचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

गांव में शोक की लहर
दिनेश मीणा की मौत से नालावास सहित पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे रहे। संवासा सरपंच दिनेश, शंभूलाल गोकुलपुरा, जिलाध्यक्ष सुखराम बारवाल, भरतलाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुँचे।

Related News